पाक की गिरफ़्त में, मोदी कर रहे हैं राजनीतिक दौराः आज की पांच बड़ी ख़बरें

नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्लाह ने बुधवार को कहा कि जब तक भारतीय वायुसेना के पायलट अभिनंदन पाकिस्तान की गिरफ़्त से सुरक्षित घर नहीं लौट जाते हैं तब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी सभी राजनीतिक गतिविधियां स्थगित कर देनी चाहिए.

उमर अब्दुल्लाह ने ट्वीट कर कहा, "प्रधानमंत्री मोदी को अपनी सभी राजनीतिक गतिविधियां कमांडर अभिनंदन के सुरक्षित वापस लौटने तक स्थगित कर देनी चाहिए. हमारा पायलट पाकिस्तान की गिरफ़्त में है और मोदी करदाताओं के पैसे से देशभर का दौरा करें और राजनीतिक भाषण दें, सामान्य बात नहीं है."

देश का पायलट पाक की गिरफ़्त में, मोदी ज़िम्मेदार

भारत के बालाकोट हमले के बाद भारत-पाक सीमा पर बने हालात के मद्देनजर देश के सभी विपक्षी पार्टियों ने बुधवार को बैठक की.

तीन घंटे चली इस बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने संयुक्त बयान पढ़ा, जिसमें देश में तनाव भरे माहौल पर चिंता ज़ाहिर की.

उन्होंने पाकिस्तान की गिरफ़्त में भारतीय पायलट को सकुशल वापस लौटने की कामना की.

उन्होंने कहा, "देश का सैनिक दुश्मन द्वारा पकड़ा जाता है और फाइटर प्लेन निशाना बनता है, इसकी ज़िम्मेदारी और जवाबदेही मोदी सरकार की बनती है."

बैठक में विपक्षी दलों के नेताओं ने जवानों की मौत का राजनीतिकरण होने पर चिंता ज़ाहिर की.

जैश के ख़िलाफ़ भारत ने पाक कौ सौंपा डॉज़ियर
भारत ने पुलवामा में सीआरपीएफ़ के क़ाफ़िले पर हुए हमले में चरमपंथी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के शामिल होने के संबंध में पाकिस्तान को डॉज़ियर सौंप दिया है.

डॉज़ियर में हमले के पीछे जैश का हाथ होने और संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित चरमपंथी संगठनों के कैंप पाकिस्तान में मौजूद होने के बारे में "विस्तृत जानकारी" दी गई है.

बुधवार को पाकिस्तान के दो भारतीय फाइटर जेट को मार गिराने के दावे के बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के कार्यकारी उच्चायुक्त को तलब कर विरोध जताया और उन्हें डॉज़ियर थमाया.

भारत-पाक सैन्य संघर्ष पर अमरीका की नज़र
अमरीका ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के बाद बने तनावपूर्ण हालात पर उसकी नज़र है.

अमरीका के कार्यवाहक रक्षा मंत्री पैट्रिक शैनन ने दोनों देशों से सैन्य कार्रवाई से बचने का आग्रह किया है. अमरीकी रक्षा मंत्री का ये बयान एक भारतीय पायलट के पाकिस्तान के क़ब्ज़े में होने का वीडियो सामने आने के बाद आया है.

पाकिस्तान ने कल भारत के दो लड़ाकू विमानों को नियंत्रण रेखा के पास मार गिराने का दावा किया था और कहा था कि एक भारतीय पायलट उसके क़ब्ज़े में है.

भारत ने पाकिस्तान से विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है.

किम और ट्रंप की मुलाक़ात आज फिर मिलेंगे
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के बीच वियतनाम की राजधानी हनोई में गुरुवार को दूसरे दिन भी बातचीत होगी.

माना जा रहा है कि ये बातचीत कोरियाई प्रायद्वीप से परमाणु हथियारों को हटाने के रोडमैप पर केंद्रित होगी. बुधवार को भी दोनों नेताओं ने मुलाक़ात की थी.

इसके बाद दोनों नेताओं ने साथ-साथ रात्रिभोज किया और संवाददाताओं के सवालों के जवाब दिए. ट्रंप और किम पहली बार पिछले साल सिंगापुर में मिले थे, लेकिन उसके बाद से परमाणु हथियारों के मुद्दे पर बहुत कम प्रगति हुई है.

Comments

Popular posts from this blog

Unerwarteter Ärger mit dem Eigenheim

المسيرة الخضراء: دعوة الحسن الثاني التي انتهت بإعلان "الجمهورية الصحراوية"

Führende Scientologen gehören zu den aktivsten Immobilienplayern der Stadt